हरियाणा राज्य के सिरसा शहर को उत्तर भारत का सबसे पुराना शहर माना जाता है। इस नगर के नाम का उल्लेख महाभारत ग्रंथ में भी किया गया है। प्राचीनकाल में इसे ‘सैरिशका’ के नाम से जाना जाता था। सन् 1819 में ब्रिटिश शासनकाल में इस शहर को दिल्ली का एक जिला बना दिया गया था। माना जाता है कि यहाँ के राजा ‘सरस’ के नाम पर इस शहर का नामकरण किया गया था तथा राजा सरस के द्वारा बनाये गए किले के कुछ अवशेष आज भी यहाँ मौजूद हैं। सिरसा में पर्यटकों के लिए कई स्थल हैं जैसे राधा स्वामी सत्संग घर, डेरा सच्चा सौदा, राम देव मंदिर, गुरुद्वारा गुरु गोबिंद सिंह आदि।
सिरसा जाने के लिए निकटतम एयरपोर्ट दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है। सिरसा रेलवे स्टेशन से सिरसा पहुंचा जा सकता है तथा यह शहर नई दिल्ली, जयपुर, अमृतसर, लुधियाना, अजमेर आदि शहरों से सड़क मार्ग द्वारा जुड़ा है।
अक्टूबर से फरवरी का समय सिरसा घूमने के लिए सही रहेगा।